UPI इस्तेमाल करते हो? ये गलती मत करना!

 यार सच बताऊं तो आजकल UPI इतना आसान हो गया है कि हम बिना सोचे-समझे पेमेंट कर देते हैं। चाय वाले को भी UPI, सब्जी वाली को भी UPI, दोस्त को उधार वापस करना हो तो भी UPI। लेकिन यही आसानी कभी-कभी बहुत महंगी पड़ जाती है। मैंने खुद ऐसी कई कहानियां सुनी हैं - किसी का पैसा गलत अकाउंट में चला गया, किसी ने एक लिंक पर क्लिक किया और अकाउंट खाली हो गया। इसलिए आज मैं आपको वो सारी आम गलतियां बता रहा हूं जो लोग UPI इस्तेमाल करते वक्त करते हैं, और जिनसे बचना बहुत जरूरी है।

UPI इस्तेमाल करते समय ऑनलाइन फ्रॉड से बचने के लिए जरूरी सावधानियां

1. UPI पिन किसी के साथ शेयर करना

ये सबसे बेसिक लेकिन सबसे कॉमन गलती है। बैंक वाले, कस्टमर केयर वाले, कोई भी एम्प्लॉई बनकर कॉल करे, UPI पिन कभी मत बताना। कोई भी असली बैंक या कंपनी कभी फोन पर पिन नहीं मांगती। जो भी मांगे, समझ जाइए कि फ्रॉड है।

2. "Collect Request" को बिना समझे एक्सेप्ट करना

ये गलती बहुत लोग करते हैं। किसी ने आपको पेमेंट रिक्वेस्ट भेजी और आपने बिना देखे एक्सेप्ट कर दिया, ये सोचकर कि पैसा आएगा। लेकिन UPI में कलेक्ट रिक्वेस्ट का मतलब होता है पैसा जाएगा, आएगा नहीं। जब भी कोई रिक्वेस्ट आए, पहले नोटिफिकेशन ध्यान से पढ़िए - "Pay" लिखा है या "Collect", ये जरूर चेक कीजिए।

3. QR कोड स्कैन करके पैसा "पाने" की कोशिश करना

बहुत लोग सोचते हैं कि QR कोड स्कैन करने से पैसा मिलेगा। असल में QR स्कैन करके आप सिर्फ पैसा भेज सकते हैं, पाने के लिए स्कैन करने की जरूरत ही नहीं होती। अगर कोई कहे "पैसा लेने के लिए QR स्कैन करो", तो समझ जाइए कि खेल हो रहा है।

इसे भी जरूर पढ़ें:- ये App आपका Data चुरा सकता है (2026 Alert!)

4. स्क्रीन शेयरिंग ऐप्स डाउनलोड करना

AnyDesk, TeamViewer जैसी ऐप्स अगर कोई "समस्या सुलझाने के नाम पर" डाउनलोड करवाए और फिर UPI ऐप खोलने को कहे, तो तुरंत समझ जाइए कि ये स्कैम है। ऐसी ऐप से सामने वाला आपकी स्क्रीन लाइव देख सकता है, और आपके पिन दबाते ही वो पैसा निकाल सकता है।

5. पुरानी या बिना इस्तेमाल वाली UPI ऐप्स को डिलीट न करना

जो ऐप्स इस्तेमाल नहीं कर रहे, उन्हें अनइंस्टॉल करना भूल जाते हैं लोग। अगर वो ऐप कभी हैक हो जाए या उसमें कोई सिक्योरिटी अपडेट न आए, तो रिस्क आपके पास ही रहता है। जितनी कम ऐप्स उतना बेहतर कंट्रोल।

6. पब्लिक Wi-Fi पर पेमेंट करना

मॉल हो, रेलवे स्टेशन हो या कोई कैफे, फ्री Wi-Fi पर UPI ट्रांजैक्शन करना जोखिम भरा होता है। हो सके तो मोबाइल डेटा इस्तेमाल कीजिए पेमेंट के वक्त, खासकर जब अमाउंट बड़ा हो।

7. ट्रांजैक्शन लिमिट और नोटिफिकेशन्स इग्नोर करना

बहुत लोग अपने बैंक के SMS/ऐप नोटिफिकेशन्स ही बंद कर देते हैं "स्पैम" समझकर। लेकिन यही नोटिफिकेशन्स ही सबसे पहले बताते हैं कि कोई असामान्य ट्रांजैक्शन हुआ है। इन्हें कभी डिसेबल मत कीजिए।

इसी विषय पर और जानें:- इस ऐप को इंस्टॉल किया तो फोन हैक हो सकता है! (2026 में सच मेंखतरनाक ऐप्स और बचाव के उपाय)

8. UPI ऑटोपे सेट करके भूल जाना

सब्सक्रिप्शन के लिए ऑटोपे इनेबल कर देते हैं और फिर कभी चेक नहीं करते कि कितने सारे ऑटोपे चल रहे हैं। महीने में एक बार अपनी बैंक स्टेटमेंट और "Manage Autopay" सेक्शन जरूर चेक कीजिए, जो इस्तेमाल नहीं हो रहे उन्हें कैंसिल कर दीजिए।

9. फेक कस्टमर केयर नंबर गूगल से कॉपी करना

गूगल सर्च करके जो पहला नंबर मिलता है, लोग उसी पर कॉल कर देते हैं "UPI प्रॉब्लम सॉल्व करवाने"। बहुत बार ये फेक नंबर स्कैमर्स ने खुद डाल रखे होते हैं। हमेशा ऑफिशियल ऐप के अंदर दिया गया कस्टमर केयर नंबर ही इस्तेमाल कीजिए।

10. पेमेंट करने से पहले रिसीवर का नाम कन्फर्म न करना

जल्दी में नंबर या UPI ID डालकर सीधा पैसा भेज देते हैं। पेमेंट करने से पहले जो नाम स्क्रीन पर शो होता है, उसे एक बार जरूर पढ़िए। अगर नाम मैच नहीं करता, पेमेंट कैंसिल कर दीजिए।

अगर गलती हो जाए तो क्या करें?

अगर फिर भी कोई गलत ट्रांजैक्शन हो जाए या स्कैम का शिकार हो जाएं, तो सबसे पहले अपनी बैंक की कस्टमर केयर को कॉल कीजिए और तुरंत शिकायत दर्ज करवाइए। इसके साथ National Cyber Crime Reporting Portal (cybercrime.gov.in) पर भी रिपोर्ट कर सकते हैं या 1930 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल कर सकते हैं। जितनी जल्दी रिपोर्ट करेंगे, पैसा वापस मिलने के चांस उतने ज्यादा रहेंगे।

और अंत में यही कहना चाहूंगा कि UPI एक बहुत ही उपयोगी चीज है, इससे दिक्कत नहीं है। दिक्कत तब होती है जब हम जल्दी में या बिना सोचे कुछ भी क्लिक कर देते हैं। बस थोड़ा सा ध्यान, थोड़ी सी सावधानी, और ये ज्यादातर समस्याएं टल जाती हैं। अगली बार पेमेंट करते वक्त बस एक सेकंड रुककर सोचिए - काफी होगा।

नोट:- ऊपर बताई गई सारी बातें मेरे खुद के अनुभव और आम जानकारी के आधार पर लिखी गई हैं, ताकि आप UPI इस्तेमाल करते वक्त थोड़े सतर्क रह सकें। यह किसी बैंक, पेमेंट ऐप कंपनी या सरकारी संस्था की तरफ से जारी की गई ऑफिशियल गाइडलाइन नहीं है। हर बैंक और ऐप के नियम अलग-अलग हो सकते हैं और समय के साथ बदल भी सकते हैं, इसलिए अपने पैसों से जुड़ा कोई भी बड़ा फैसला लेने से पहले अपनी बैंक शाखा या उस ऐप की आधिकारिक हेल्प डेस्क से एक बार जरूर पूछ लें। अगर इस जानकारी को इस्तेमाल करते वक्त किसी को कोई नुकसान होता है, तो इसकी जिम्मेदारी इस लेख या इसके लेखक की नहीं होगी।

आपके लिए उपयोगी लेख:- Fake apps ka sach - log kaise fas rahe hain?

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ